बाढ़ राहत अभियान को गति देने गुवाहाटी पहुंचे पवन गोयनका, महिला छात्रावास का किया निरीक्षण, ‘तेजस्विता’ अधिवेशन की तैयारियों का भी लिया जायजा

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 7 अगस्त। पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गोयनका ने शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंचते ही सम्मेलन के बाढ़ राहत एवं पुनर्वास अभियान का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 500 पुनर्वास किट से भरे दूसरे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रत्येक पुनर्वास किट में एक गद्दा, तकिया, बेडशीट, तकिया कवर और मच्छरदानी शामिल है। दूसरे ट्रक के माध्यम से सोनारी शाखा को 200 तथा नाजिरा और शिमलगुड़ी शाखाओं को 150-150 किट भेजी गई हैं। इनका वितरण संबंधित शाखाओं के माध्यम से जरूरतमंद बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच किया जाएगा।

इससे पहले गुरुवार को सम्मेलन ने राहत एवं पुनर्वास सामग्री से भरा पहला ट्रक जोरहाट के लिए रवाना किया था। इसमें 500 पुनर्वास किट, 500 मेखला-चादर तथा नए एवं उपयोगी वस्त्रों के तीन कार्टन भेजे गए थे। इस सामग्री का वितरण स्थानीय शाखाओं के माध्यम से टीयोक, आमगुड़ी और शिवसागर सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किया जाएगा।

पवन गोयनका के शुक्रवार सुबह गुवाहाटी पहुंचने पर गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा, प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) विनोद कुमार लोहिया, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज जैन काला, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं गुवाहाटी महिला शाखा की सलाहकार सरला काबरा, महिला शाखा की सचिव मंजू भंसाली तथा कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद पवन गोयनका ने कुम्हारपाड़ा स्थित सम्मेलन के निर्माणाधीन महिला छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सेवा एवं संगठन के क्षेत्र में सम्मेलन की गतिविधियों की सराहना की और पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

बाद में उन्होंने असम माहेश्वरी भवन पहुंचकर 8 एवं 9 अगस्त को आयोजित होने वाले पूर्वोत्तर के प्रथम महिला अधिवेशन ‘तेजस्विता’ की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर अधिवेशन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सफल आयोजन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

पवन गोयनका और बसंत सुराणा शनिवार को ‘तेजस्विता’ के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के बाद ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना होंगे। 9 अगस्त को वे प्रांतीय पदाधिकारियों और सम्मेलन कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न शाखाओं द्वारा संचालित राहत एवं वितरण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी लेने के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *