लायंस क्वेस्ट सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और कृतज्ञता का संदेश
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की ओर से रोहित मेहता लायंस क्वेस्ट सप्ताह (26 अगस्त से 1 सितंबर) के तहत गुरु नानक इंग्लिश हाई स्कूल में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं कृतज्ञता विषय पर दो महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में लायन वंदना हेड़ा ने मानसिक स्वास्थ्य तथा लायन रीता हरलालका ने कृतज्ञता (Gratitude) विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक एवं प्रेरणादायक सत्र आयोजित किया। दोनों प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा जीवन में कृतज्ञता के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
संवेदनशील विषयों को सरल, सहज और रोचक तरीके से विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षकों ने प्रभावी ढंग से संवाद किया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए और विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुराधा शर्मा ने लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के जीवनोपयोगी कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यालय में ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए क्लब के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम को विद्यालय से जोड़ने में क्लब की कोषाध्यक्ष लायन मीनाक्षी माथुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में लायन अजय कुमार मोर (क्लब सचिव), लायन नीरू काबरा (डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर, लायंस क्वेस्ट), लायन रूपा गग्गड, लायन विशाल लठ, लायन प्रियंका लठ, लायन ज्योति अग्रवाल, लायन अशोक अग्रवाल एवं लायन महेश हेड़ा सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के अध्यक्ष लायन रवि हरलालका ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक जीवन कौशल से सशक्त बनाना, उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें मानसिक एवं भावनात्मक रूप से मजबूत बनाकर बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम का संचालन लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के अध्यक्ष लायन रवि हरलालका, सचिव लायन अजय कुमार मोर एवं कोषाध्यक्ष लायन मीनाक्षी माथुर के मार्गदर्शन में किया गया।

