लखीमपुर के श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी में 4 सितंबर से तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
शहर के हृदयस्थल स्थित श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी में इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 4 से 6 सितंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ठाकुरबाड़ी समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी समिति के अध्यक्ष जगदीश बजाज, सचिव सुशील शर्मा, संयोजक नंदकिशोर बजाज, सह-संयोजक जुगल राठी एवं भरत स्वामी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की जानकारी दी।
4 सितंबर को भव्य श्रृंगार, झांकी और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव :
जन्मोत्सव के प्रथम दिन 4 सितंबर को सायं 6 बजे भगवान का भव्य श्रृंगार एवं झांकी सजाई जाएगी। सायं 7 बजे से वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा सजीव झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
रात्रि 8 से 9 बजे तक 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए भगवत स्वरूप वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद रात्रि 9 बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा सामूहिक भजन एवं कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। रात्रि 11:01 बजे श्रीकृष्ण जन्म आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
5 सितंबर को वृंदावन के कलाकारों की रासलीला :
जन्मोत्सव के दूसरे दिन, 5 सितंबर को रात्रि 7:30 बजे से वृंदावन के प्रसिद्ध कमल बृजवासी ग्रुप द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक रासलीला प्रस्तुत की जाएगी।
6 सितंबर को छप्पन भोग, नृत्य-नाटिका और मटकी फोड़ :
तीसरे एवं अंतिम दिन 6 सितंबर को प्रातः 9 बजे से बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें ‘अपने कृष्ण को जानो’, ‘पेपर को निकालो’, मटकी फोड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। इनमें 10 वर्ष तक तथा 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे।
रात्रि 7 बजे से छप्पन भोग एवं छत्तीस मेवा दर्शन का आयोजन होगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। रात्रि 11:01 बजे श्रीकृष्ण स्वरूप द्वारा मटकी फोड़ का आयोजन होगा, जिसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।
ठाकुरबाड़ी समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

