गुरु नानक इंग्लिश हाई स्कूल में 200 से अधिक विद्यार्थियों की नेत्र जांच, लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की पहल, करीब 40 विद्यार्थियों को विस्तृत जांच की सलाह
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। विद्यार्थियों में आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान और नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर ने रिहाबाड़ी स्थित गुरु नानक इंग्लिश हाई स्कूल में नेत्र जांच शिविर आयोजित किया। क्लब अध्यक्ष रवि हरलालका के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 200 से अधिक विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई।
जांच गुवाहाटी लायंस आई हॉस्पिटल, छत्रीबाड़ी की विशेषज्ञ टीम ने की। चिकित्सकीय टीम ने विद्यार्थियों की दृष्टि एवं नेत्र स्वास्थ्य की जांच करने के साथ आंखों की उचित देखभाल और नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
शिविर के दौरान करीब 40 विद्यार्थियों में नेत्र संबंधी कुछ लक्षण पाए गए। इन विद्यार्थियों को विस्तृत जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के लिए लायंस आई हॉस्पिटल जाने की सलाह दी गई।
विद्यालय में शिविर आयोजित कराने में मीनाक्षी माथुर और प्रधानाध्यापिका अनुराधा शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परियोजना अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल और क्लब सचिव अजय कुमार मोर ने शिविर की योजना, व्यवस्था और संचालन का दायित्व संभाला।
कार्यक्रम में रूपा गग्गड, अशोक अग्रवाल, विशाल लठ, प्रियंका लठ, नीरू काबरा, महेश हेड़ा, वंदना हेड़ा और रीता हरलालका सहित क्लब के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।
क्लब अध्यक्ष रवि हरलालका ने विद्यालय प्रशासन, गुवाहाटी लायंस आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम और क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की शुरुआती दौर में पहचान महत्वपूर्ण है और क्लब स्वास्थ्य एवं सेवा से जुड़ी ऐसी गतिविधियों को आगे भी जारी रखेगा।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी रतन खाखोलिया ने बताया कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच के साथ विद्यार्थियों और उनके परिवारों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

