गुवाहाटी में ‘रोशनी’ नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली से दिया नेत्रदान का संदेश
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 8 सितम्बर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशन में आयोजित राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े (25 अगस्त से 8 सितम्बर) के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद्, गुवाहाटी की ओर से ‘रोशनी—एक प्रयास मानवता की ओर’ नुक्कड़ नाटक एवं नेत्रदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंगलवार सुबह 5:30 बजे छात्रीबाड़ी स्थित गौहाटी गौशाला में हुआ।
जागरूकता रैली के माध्यम से युवाओं एवं परिषद् के सदस्यों ने विभिन्न नारों और संदेशों के जरिए आमजन को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय करते हुए संदेश दिया कि एक व्यक्ति का नेत्रदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी और आशा ला सकता है।
नुक्कड़ नाटक में अवकाश कुमार जम्मड़, अनंत छाजेड़, संदीप भदानी, पंकज सिपानी, महक दुगड़, कमलेश रांका, देव मेहनोत, लोकेश भंसाली एवं कौशल जैन ने अभिनय किया। नाटक का निर्देशन अवकाश कुमार जम्मड़ ने किया।
परिषद् के उपाध्यक्ष रवि कुण्डलिया ने कहा कि नेत्रदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में दृष्टि और आशा का प्रकाश भरने वाला महान संकल्प है। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने तथा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
‘रोशनी का उपहार, सबसे बड़ा उपकार’ संदेश के साथ आयोजित इस अभियान का उद्देश्य समाज में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना था।
यह जानकारी परिषद् के मंत्री अंकुश महनोत ने विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

