लखीमपुर में अखिल असम भोजपुरी परिषद ने दो स्थानों पर मनाई डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर, 8 सितम्बर। भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के अवसर पर अखिल असम भोजपुरी परिषद की लखीमपुर जिला एवं आंचलिक समितियों की ओर से जिले के कोइलामारी और चाउलधोवा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महान संगीतकार एवं जनशिल्पी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कोइलामारी स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में अखिल असम भोजपुरी परिषद की लखीमपुर जिला समिति एवं कोइलामारी आंचलिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें जिला अध्यक्ष सुभाष यादव, जिला उपाध्यक्ष भुनेश्वर प्रसाद, कोइलामारी आंचलिक अध्यक्ष सुभाष साह तथा आंचलिक सचिव विश्वकर्मा प्रसाद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

वहीं, चाउलधोवा के एसके आदर्श गांव स्थित भूपेन हजारिका क्षेत्र में ग्राम पंचायत एवं चाउलधोवा आंचलिक समिति के संयुक्त सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाउलधोवा पंचायत की अध्यक्षा टिंकू मणि बोरा हजारिका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अखिल असम भोजपुरी परिषद के लखीमपुर जिला उपाध्यक्ष कृष्णा मल्लाह, चाउलधोवा आंचलिक अध्यक्ष अनिरुद्ध मल्लाह, कार्यकर्ता जितेन्द्र मल्लाह एवं राजू मल्लाह तथा असमिया युवा मंच, बोगिनदी-चाउलधोवा आंचलिक समिति के अध्यक्ष नीलू मणि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत सुबह स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद शाम 5 बजे डॉ. भूपेन हजारिका के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके संगीत, सामाजिक योगदान और असम की सांस्कृतिक एकता में उनकी भूमिका को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *