होजाई में पांच दिवसीय गणेश उत्सव की तैयारियां जोरों पर, गणपति पूजा आयोजन समिति करेगी भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

होजाई में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होजाई व्यवसायी गणपति पूजा आयोजन समिति के सौजन्य से शहर के मध्य नेताजी पॉइंट के सामने पांच दिवसीय गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2000 से यहां गणेश पूजा का भव्य आयोजन होता आ रहा है और हर वर्ष विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव मनाया जाता है।

इस वर्ष पांच दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को मूर्ति एवं कलश स्थापना के साथ होगा। समिति के सदस्य विनोद गुप्ता ने बताया कि मूर्ति एवं कलश स्थापना के बाद गणेश चतुर्थी के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। दोपहर एवं संध्या के समय आरती का आयोजन होगा। पांच दिवसीय उत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, गणेश पाठ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भी व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वर्गीय विश्वनाथ मोर की स्मृति में चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन 6 सितंबर को किया गया था। प्रतियोगिता के विजेताओं को गणेश पूजा समारोह के दौरान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

उत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसमें डॉ. शंकर चक्रवर्ती को अध्यक्ष, मोहन मोर को उपाध्यक्ष, चंदन देवनाथ को सचिव तथा अरविंद गुप्ता को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कई सदस्यों को समिति में शामिल किया गया है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गणेश उत्सव में सहभागी बनने तथा आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *