एल.ओ.जी. हिंदी हाई स्कूल में नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन, अभिभावक साधारण सभा में विद्यालय के विकास कार्यों की सराहना

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। लालचंद ओंकारमल गोयनका (एल.ओ.जी.) हिंदी हाई स्कूल में नई विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन को लेकर अभिभावक साधारण सभा का आयोजन किया गया। सभा में विद्यालय के विकास, शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अभिभावक साधारण सभा की अध्यक्षता नजमुल हुडा ने की, जबकि संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य विद्यानाथ झा ने किया। सभा में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विद्यालय के विकास को लेकर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में लगातार हो रहे विकास कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है। अभिभावकों ने विद्यालय में हो रहे सकारात्मक बदलावों तथा विकास की दिशा में उठाए जा रहे कदमों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वर्तमान समिति के प्रयासों की प्रशंसा की।

सभा के दौरान अभिभावक साधारण सभा द्वारा नई विद्यालय प्रबंधन समिति का निर्वाचन किया गया। सर्वसम्मति/निर्वाचन के माध्यम से सुभाष चंद्र कयाल को अध्यक्ष, पंकज जालान को उपाध्यक्ष तथा विद्यानाथ झा को सचिव चुना गया।

नई समिति में अभिभावक सदस्यों के रूप में नजमुल हुडा, रानी चौधरी, अर्चना तिवारी, सीता देवी पंजीयर, रिंकू सिंह, राजमति देवी, किरण तिवारी, मीरा देवी, पिंकी देवी, सोनी देवी, एम. वेंकट लक्ष्मी तथा पूजा देवी सहित अन्य अभिभावकों को शामिल किया गया।

नवगठित समिति ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। सभा में विश्वास व्यक्त किया गया कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं अभिभावक सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विद्यालय को शिक्षा और संस्कार का बेहतर केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करेंगे।

सभा के अंत में प्रधानाचार्य विद्यानाथ झा ने सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास में उनके निरंतर सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रगति में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *