नगांव में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ बाबा रामदेव का जम्मा जागरण

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

श्री श्री बाबा रामदेव भक्त संगम के तत्वावधान में रामदेव दशमी के पावन अवसर पर हैबरगांव स्थित श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति भवन में एक दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलयुग के अवतारी बाबा रामदेव का भव्य जम्मा जागरण श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के लिए बाबा रामदेव का दिव्य दरबार आकर्षक ढंग से सजाया गया था। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद अखंड दिव्य ज्योति प्रज्वलित की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच रक्षा कवच के रूप में तांती का वितरण भी किया गया।

भक्तिमय वातावरण में प्रसिद्ध भजन गायक तेजा पारीक और विकास शर्मा ने बाबा रामदेव के जीवन चरित्र एवं लोककल्याणकारी चमत्कारों पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं भजन गायक धनेश शर्मा ने भी अपने भजनों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में झूमने पर विवश कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजकों की ओर से आमंत्रित अतिथि कलाकारों एवं पत्रकारों को भक्त जगदीश धूत तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित किया। मंच का संचालन मुकेश पोद्दार ने प्रभावी ढंग से किया।

बताया गया कि बाबा रामदेव भक्त संगम की ओर से पिछले कई वर्षों से रामदेव दशमी के अवसर पर लगातार जम्मा जागरण का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजसेवी जगदीश धूत, मुकेश पोद्दार, विनोद गजरानी, सुरेश शर्मा (सूर्या), प्रदीप रातूसरिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *