प्रेमनाथ हरलालका को श्रद्धांजलि देने उमड़ा बंगाईगांव, राज्यपाल रमेन डेका ने भेजा शोक संदेश

थर्ड आई न्यूज़

सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक संगठनों ने किया स्मरण; वक्ताओं ने समाज के मार्गदर्शक के रूप में उनके योगदान को किया याद

बंगाईगांव। बंगाईगांव के विशिष्ट उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रेमनाथ हरलालका की स्मृति में रविवार को बंगाईगांव रोलर फ्लोर मिल परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की ओर से भेजा गया शोक संदेश भी पढ़ा गया।

सभा का संचालन महेश कुमार अग्रवाल ने किया। उन्होंने प्रेमनाथ हरलालका के जीवन और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका जन्म 10 अगस्त 1945 को मानकाचर में हुआ था। उन्होंने गौहाटी कॉमर्स कॉलेज से स्नातक करने के बाद गौहाटी विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। वर्ष 1969 में बंगाईगांव आने के बाद उन्होंने अपने बड़े भाई रामगोपाल हरलालका के साथ उद्योग की नींव रखी और बंगाईगांव को अपनी कर्मभूमि बनाया। उद्योग के साथ शिक्षा, समाजसेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अपने शोक संदेश में प्रेमनाथ हरलालका को बंगाईगांव के सामाजिक जीवन का अभिभावक और मार्गदर्शक बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

श्रद्धांजलि सभा में सांसद फनीभूषण चौधरी सहित विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रेमनाथ हरलालका से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं। वक्ताओं ने सामाजिक जीवन में उनके योगदान, सहज व्यवहार और विभिन्न संस्थाओं से उनके जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनके निधन से बंगाईगांव के सामाजिक क्षेत्र में एक बड़ी रिक्तता पैदा हुई है।

सभा में विश्व हिंदू परिषद, अग्रवाल समाज सभा, मारवाड़ी युवा मंच, पूर्वोत्तर प्रादेशिक मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी सम्मेलन बंगाईगांव शाखा, पूर्वोत्तर प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, मारवाड़ी सम्मेलन बंगाईगांव महिला शाखा, रोटरी क्लब ऑफ बंगाईगांव, लायंस क्लब ऑफ बंगाईगांव, रवींद्र चेतना मंच, भारत विकास परिषद, पूर्वोत्तर बिहारी परिषद बंगाईगांव, एलोरा विज्ञान मंच, शिवम नगर वेलफेयर सोसाइटी, श्रीकृष्ण गौशाला बरपेटा रोड, संभवनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट, श्री सालासर बालाजी सेवा समिति चैरिटेबल ट्रस्ट, बंगाईगांव इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, प्रगतिशील नवयुवक संघ, बंगाईगांव विश्वविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन, विप्र फाउंडेशन, ब्राह्मण मारवाड़ी समाज, असम कृषि विकास संघ और बीएड कॉलेज सहित अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. बांकेलाल शर्मा, डॉ. डी. हजारिका, डॉ. पी.के. धर, मणि नाहाटा, प्रभात वैष्णव और आशीष विश्वास सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भी दिवंगत हरलालका को श्रद्धांजलि अर्पित की।

परिवार की ओर से रश्मि हरलालका ने कहा कि प्रेमनाथ हरलालका के विचार और आदर्श परिवार तथा समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने वाले नागरिकों, शुभचिंतकों और संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

किशन हरलालका, निकुंज हरलालका और सूची हरलालका ने भी श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर परिवार का मनोबल बढ़ाने के लिए सभी संगठनों, समाजबंधुओं और शुभचिंतकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *