पारीक महिला परिषद की चौथी कार्यकारिणी सभा में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

टोस्टमास्टर्स कार्यक्रम पर मंथन, 11 अक्टूबर के रक्तदान शिविर में रहेगी सहभागिता; श्रीमद्भागवत कथा में सामूहिक रूप से पहुंचीं सदस्याएं

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 28 सितंबर। पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी के सत्र 2026-27 की चौथी कार्यकारिणी सभा सोमवार को छत्रीबाड़ी स्थित परशुराम सदन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी सामाजिक, सेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श कर विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

सभा का शुभारंभ परिषद की पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान सलाहकार विनीता पारीक ने ॐ मंत्रोच्चार के साथ किया। बैठक में प्रस्तावित टोस्टमास्टर्स कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें परिषद की सदस्याओं के साथ पारीक समाज एवं अन्य संस्थाओं से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा गया। कार्यक्रम की तिथि कार्यकारिणी सदस्यों से विचार-विमर्श के बाद घोषित की जाएगी।

बैठक में 11 अक्टूबर को परशुराम सदन परिसर में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की तैयारियों और परिषद की सहभागिता पर भी चर्चा हुई। रक्तदान शिविर पारीक समाज, पारीक युवा परिषद एवं पारीक महिला परिषद के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 30 सितंबर को फ्लेमस में कार्यकारिणी सदस्याओं के लिए डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

कार्यकारिणी सभा के बाद परिषद की सदस्याएं सामूहिक रूप से श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचीं और कथा श्रवण किया। परिषद की ओर से एकत्रित सहयोग राशि धार्मिक एवं पुण्य कार्य के लिए कथा आयोजन में भेंट की गई।

इस अवसर पर परिषद की संस्थापक अध्यक्ष एवं वर्तमान सलाहकार सुषमा शर्मा ने कथावाचक नंदू महाराज जाजड़ा का फुलाम गमछा पहनाकर सम्मान किया। अध्यक्ष निशा पारीक ने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ परिषद की ओर से सहयोग राशि अर्पित की। कथावाचक ने परिषद की सदस्याओं को अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद दिया और समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की कामना की।

सभा में कोषाध्यक्ष पूजा जोशी, पूर्व अध्यक्ष कौशल्या व्यास, उपाध्यक्ष रंजना पारीक, सह-सचिव वंदना पारीक सहित किरण पारीक, पुष्पा पारीक, ज्योति पुरोहित, जया व्यास, शेफाली पारीक, कमला पारीक, उषा पारीक और ज्योति पारीक उपस्थित रहीं।

सचिव जया पारीक ने सभा का संचालन किया और उपस्थित सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता तथा सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *