मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी मेट्रो शाखा ने प्रतिभाशाली बेटियों का किया सम्मान

थर्ड आई न्यूज

न्यायिक सेवा में चयन और मेडिकल पीजी प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बांसुरी पोद्दार व निहारिका अग्रवाल अभिनंदित

गुवाहाटी। मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी मेट्रो शाखा की ओर से समाज की दो प्रतिभाशाली बेटियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर उनका सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शाखा परिवार ने उनकी सफलता को समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बांसुरी पोद्दार, पुत्री पंकज पोद्दार एवं रितु पोद्दार ने न्यायिक पद पर नियुक्ति प्राप्त कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे समाज को गौरवान्वित किया है। न्याय के क्षेत्र में उनकी नई जिम्मेदारी को प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बताया गया।

इसी क्रम में निहारिका अग्रवाल, पुत्री बिकाश अग्रवाल एवं सरिता अग्रवाल ने मेडिकल पीजी प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 2157 हासिल की। करीब 2.77 लाख अभ्यर्थियों के बीच प्राप्त इस सफलता ने उनकी मेहनत और प्रतिभा को उजागर किया है। चिकित्सा के क्षेत्र में उनके इस प्रदर्शन पर भी शाखा परिवार ने उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि दोनों बेटियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता हासिल कर यह संदेश दिया है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और परिवार के संस्कारों का साथ मिले तो सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। यह सम्मान केवल दोनों बेटियों की उपलब्धियों का ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता के संस्कारों और उनके निरंतर परिश्रम का भी सम्मान है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष अमित कुमार कंसल, उपाध्यक्ष गौतम गोयनका तथा शाखा के सदस्य अनुराग पोद्दार, बिनीत अग्रवाल, बिकाश अग्रवाल, अनिल शर्मा, रॉकी पोद्दार, रीत‍ेश अग्रवाल एवं रुचि पोद्दार उपस्थित रहे।

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी मेट्रो शाखा परिवार ने बांसुरी पोद्दार और निहारिका अग्रवाल सहित उनके परिवारों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि दोनों की सफलता समाज की आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *