असम पुलिस दिवस पर युवा भारती ने पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान, डीसीपी शांभवी मिश्रा और यातायात निरीक्षक पंकज प्रतिम महंत सहित कई अधिकारियों को फुलाम गमछा एवं प्रशस्ति पत्र भेंट
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 1 अक्टूबर। असम पुलिस दिवस के अवसर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था युवा भारती की ओर से पुलिस अधिकारियों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को फुलाम गमछा और प्रशस्ति पत्र भेंट कर कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।
संस्था के सलाहकार जयप्रकाश गोयनका के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संयोजक विशाल भातरा, सह-संयोजक आदर्श शर्मा (बाबली), संस्थापक सदस्य मनमोहन सिकरिया, विवेक सांगानेरिया और नरेश पींचा शामिल रहे। इस दौरान सेंट्रल जोन की डीसीपी शांभवी मिश्रा और यातायात विभाग के निरीक्षक पंकज प्रतिम महंत सहित कई पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया गया।
युवा भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। असम पुलिस दिवस उनकी सेवाओं, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति समाज की ओर से सम्मान एवं आभार व्यक्त करने का उपयुक्त अवसर है।
सम्मानित पुलिस अधिकारियों ने युवा भारती की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज की ओर से पुलिसकर्मियों की सेवाओं को मिलने वाला सम्मान उनका मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने संस्था की सामाजिक गतिविधियों की भी प्रशंसा की।
युवा भारती पिछले 15 वर्षों से विभिन्न विशेष अवसरों पर अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले व्यक्तियों का सम्मान करती आ रही है। संस्था के अनुसार इस परंपरा का उद्देश्य समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों की सेवाओं को पहचान देना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है।

