सदस्यता विस्तार और शाखाओं के राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व पर मारवाड़ी सम्मेलन में मंथन
थर्ड आई न्यूज़
तिनसुकिया शाखा की बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार हरलालका ने संगठन विस्तार पर दिया जोर
तिनसुकिया । पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार हरलालका के तिनसुकिया आगमन पर मारवाड़ी सम्मेलन की तिनसुकिया शाखा ने संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और राष्ट्रीय समिति में शाखाओं के प्रतिनिधित्व सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। स्थानीय होटल रॉयल किचन में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में शाखा पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने से जुड़े कई सुझाव रखे।
शाखा अध्यक्ष पवन केजरीवाल ने हरलालका का फुलाम गमछा पहनाकर स्वागत किया। सचिव बिमल चोखानी ने बैठक के उद्देश्य की जानकारी दी। हरलालका ने सम्मेलन के संविधान, सदस्यता विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों को सम्मेलन से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आगामी प्रांतीय अध्यक्ष चुनाव में अपनी उम्मीदवारी की इच्छा व्यक्त करते हुए तिनसुकिया शाखा से सहयोग भी मांगा।
बैठक में तिनसुकिया शाखा की ओर से समाज के प्रबुद्ध एवं वरिष्ठ लोगों के घर जाकर उनका सम्मान करने की पहल की सराहना की गई। हरलालका ने इसे समाज में संपर्क और संवाद बढ़ाने वाला प्रयास बताते हुए इस अभियान को सदस्यता विस्तार से जोड़ने का सुझाव दिया। स्थानीय समाज और सम्मेलन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सामाजिक गतिविधियों को मिल-जुलकर आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रीय समिति में शाखाओं के प्रतिनिधित्व का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठा। शाखा सदस्यों ने कहा कि एक समय करीब 35 शाखाएं होने पर राष्ट्रीय समिति में 33 से अधिक सदस्यों का प्रतिनिधित्व था, जबकि अब 118 शाखाएं होने के बावजूद प्रतिनिधित्व करीब 50 सदस्यों तक सीमित है। सदस्यों ने प्रत्येक शाखा से कम से कम एक प्रतिनिधि को राष्ट्रीय समिति में स्थान देने का सुझाव रखा।
इस पर हरलालका ने बताया कि राष्ट्रीय समिति में प्रतिनिधित्व सम्मेलन के राष्ट्रीय संविधान के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित होता है। उन्होंने तिनसुकिया शाखा को इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर प्रांत एवं राष्ट्रीय संगठन को भेजने का सुझाव दिया और कहा कि प्रस्ताव को राष्ट्रीय समिति की बैठक में रखा जा सकता है।
बैठक में शाखा की बैठकों में सदस्यों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत संपर्क और नियमित संवाद पर भी जोर दिया गया। दिसंबर में प्रस्तावित कार्यकारिणी बैठक में अधिकाधिक सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में अध्यक्ष पवन केजरीवाल, सचिव बिमल चोखानी, उपाध्यक्ष जितेन्द्र डालमिया एवं समीर गोयल, मंडलीय सहायक मंत्री हेमंत जितानी, संयुक्त सचिव मनोज अग्रवाल एवं नारायण भातीवाड़ा, रमेश शर्मा, राजकुमार अग्रवाल और जनसंपर्क अधिकारी दीपक बजाज उपस्थित रहे। अंत में जितेन्द्र डालमिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

