नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशामुक्त समाज का संदेश, अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के पांचवें दिन कलाकारों ने दिखाए नशे के दुष्परिणाम
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 5 अक्टूबर। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत नशामुक्ति दिवस पर अणुव्रत समिति, गुवाहाटी की ओर से रविवार को राम मंदिर लेन स्थित अच्युत स्क्वायर, रेलवे गेट नंबर-2 के समीप नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक का निर्देशन एवं मुख्य अभिनय अवकाश कुमार जम्मड़ ने किया, जबकि अब्दुल कय्यूम ने भी प्रमुख भूमिका निभाई। कलाकारों ने संवाद और भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से नशे की गिरफ्त में फंसे व्यक्ति की स्थिति तथा उसके परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रस्तुत किया। नाटक ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और परिवारों को बच्चों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
समिति की मंत्री रंजना बरडिया ने बताया कि नशा किसी एक व्यक्ति तक सीमित समस्या नहीं है, इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नशे के खिलाफ परिवार और समाज के स्तर पर सामूहिक जागरूकता की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष संजय चौरड़िया, अणुविभा के कार्यकारिणी सदस्य एवं समिति के निवर्तमान अध्यक्ष बजरंग बैद, उपाध्यक्ष सरोज बरडिया तथा अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के मुख्य संयोजक एवं सहमंत्री राजकुमार भटेरा ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि अणुव्रत व्यक्ति के जीवन में संयम, नैतिकता और अच्छे संस्कारों को बढ़ावा देने का संदेश देता है और नशामुक्ति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों से इस संदेश को सरल और प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। आयोजन के माध्यम से ‘नशा जीवन को नहीं, जीवन नशे को हराए’ का संदेश देते हुए स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में संगठन मंत्री राखी बैंगानी के साथ गुलाब दुगड़, नीलम चंडालिया, निर्मल बैद, संदीप बैद और राकेश श्यामसुखा सहित समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समिति ने समाज के लोगों से नशामुक्ति एवं अन्य सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

