तिनसुकिया: दीपावली मिलन की तैयारियों में जुटा मारवाड़ी सम्मेलन, वरिष्ठजनों के सम्मान का अभियान भी जारी

थर्ड आई न्यूज़

तिनसुकिया शाखा की कार्यकारिणी बैठक में तीन सदस्यीय संयोजक मंडल गठित, राष्ट्रीय समिति में शाखाओं के प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठा

तिनसुकिया । मारवाड़ी सम्मेलन, तिनसुकिया शाखा ने आगामी दीपावली पर सांस्कृतिक एवं मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है। शाखा की कार्यकारिणी बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा के साथ पिछले दिनों आयोजित सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता पवन केजरीवाल ने की।

दीपावली मिलन समारोह के आयोजन के लिए सर्वसम्मति से नारायण भातीवाड़ा, राजकुमार अग्रवाल और जे.पी. गर्ग को संयोजक बनाया गया। सदस्यों ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देने और इसके सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया। अध्यक्ष पवन केजरीवाल ने पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से भेजे गए उपहार कूपनों की जानकारी देते हुए उनके वितरण में सदस्यों से सहयोग का आग्रह किया।

बैठक में राष्ट्रीय समिति में शाखाओं के प्रतिनिधित्व का विषय भी उठा। उपाध्यक्ष जितेन्द्र डालमिया ने प्रत्येक शाखा से कम से कम एक सदस्य को पदेन सदस्य के रूप में राष्ट्रीय समिति में प्रतिनिधित्व देने का सुझाव रखा। इस संबंध में प्रांतीय एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी को औपचारिक प्रस्ताव भेजने पर जोर दिया गया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया।

चार सप्ताह तक चले बोलबम सेवा शिविर की भी बैठक में समीक्षा की गई। शिविर के आयोजन में जनसंपर्क अधिकारी दीपक बजाज के सहयोग और सक्रिय भूमिका की सराहना की गई। शिविर के खर्च में आई कमी को पूरा करने के लिए जे.पी. गर्ग, रमेश शर्मा, जितेन्द्र डालमिया, सुरेश खेमका, नारायण भातीवाड़ा, सुशील अग्रवाल और दीपक बजाज ने सामूहिक रूप से सहयोग किया।

‘बुजुर्गों का सम्मान’ अभियान के तहत दाधीच दंपती का अभिनंदन

कार्यकारिणी बैठक के बाद शाखा ने अपने ‘बुजुर्गों का सम्मान-घर-घर सम्मेलन, हर घर सम्मेलन’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ सदस्य नागरमल दाधीच और उनकी धर्मपत्नी सुमित्रा देवी दाधीच का उनके निवास पर जाकर अभिनंदन किया।

नागरमल दाधीच ने सम्मेलन की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था की गतिविधियों में सहयोग का भरोसा दिलाया। उनके पुत्र महेश दाधीच ने भी सम्मेलन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। शाखा का कहना है कि वरिष्ठजनों के घर जाकर उनसे संवाद और सम्मान की यह पहल समाज में संपर्क, आत्मीयता और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

बैठक में निर्मल शर्मा, दामोदर शर्मा, मनोज अग्रवाल, सुरेश खेमका, जितेन्द्र डालमिया, राजकुमार अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, नारायण भातीवाड़ा, रमेश शर्मा (रामा), दीपक बजाज, जे.पी. गर्ग, बिमल चोखानी और पवन केजरीवाल उपस्थित रहे। सचिव बिमल चोखानी ने बैठक के प्रारंभ में विषयों की जानकारी दी, जबकि अंत में दीपक बजाज ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *