कैम्ब्रिज में असम की कृति धानुका ने जीता स्वर्ण, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया पूर्वोत्तर का गौरव
थर्ड आई न्यूज़
सीईएफसी इंटरनेशनल ओलंपियाड में पूर्वोत्तर से एकमात्र प्रतिभागी, दुनिया के 66 विद्यार्थियों में सात को मिला स्वर्ण
गुवाहाटी, 5 अक्टूबर। गुवाहाटी की कृति धानुका ने ब्रिटेन के कैम्ब्रिज में आयोजित सीईएफसी इंटरनेशनल ओलंपियाड में स्वर्ण पदक हासिल कर असम और पूरे पूर्वोत्तर का गौरव बढ़ाया है। 1 से 5 अक्टूबर तक कैम्ब्रिज के सेल्विन कॉलेज में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों से 66 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 17 प्रतिभागी भारत से थे।
कृति इस प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाली पूर्वोत्तर भारत की एकमात्र प्रतिभागी थीं। प्रतियोगिता में कुल सात विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक हासिल किया और कृति ने इनमें स्थान बनाकर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा और विश्लेषणात्मक क्षमता का परिचय दिया।
देहरादून के वेल्हम गर्ल्स स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा कृति, गुवाहाटी के समाजसेवी डॉ. अशोक कुमार धानुका एवं कुसुम धानुका की पौत्री तथा डॉ. घनश्याम दास धानुका एवं स्वाती धानुका की पुत्री हैं।
कैम्ब्रिज इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित इस ओलंपियाड में विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र और वित्त से जुड़े विषयों पर अपनी समझ, तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विभिन्न देशों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बीच कृति का स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी उपलब्धि को विशेष बनाता है।
पूर्वोत्तर से एकमात्र प्रतिभागी के रूप में अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने और वहां स्वर्ण पदक जीतने की कृति की उपलब्धि को क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है। उनकी सफलता यह संदेश भी देती है कि पूर्वोत्तर के विद्यार्थी शैक्षणिक और बौद्धिक प्रतियोगिताओं में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।
कृति की सफलता पर परिवारजनों और शुभचिंतकों सहित गुवाहाटी के विभिन्न वर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

