नगांव उपचुनाव में भाजपा के देवाशीष शर्मा विजयी, 1.40 लाख मतों से अजमल को हराया,कांग्रेस की शिवामणि बोरा तीसरे स्थान पर, समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर मनाया जश्न

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव। नगांव संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी देवाशीष शर्मा ने 1,40,209 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। शर्मा को 7,10,622 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल को 5,70,413 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी शिवामणि बोरा 1,28,743 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

उपचुनाव में कुल 15 प्रत्याशी मैदान में थे। संसदीय क्षेत्र के 19,02,009 मतदाताओं में से 14,49,479 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में मुख्य मुकाबला भाजपा और एआईयूडीएफ के बीच रहा। कांग्रेस को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।

देवाशीष शर्मा नगांव और मोरीगांव जिलों में आयुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न जातियों, जनजातियों, धर्मों और समुदायों के लोगों से बने संपर्क उनके चुनाव अभियान का महत्वपूर्ण आधार रहे। प्रचार के दौरान उन्होंने इन संबंधों के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने और उनका विश्वास हासिल करने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने भी लगातार पांच दिनों तक चुनाव प्रचार किया। भाजपा ने संगठनात्मक सक्रियता और व्यापक प्रचार अभियान के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने पर जोर दिया। पार्टी प्रत्याशी की जीत में उनके प्रशासनिक अनुभव, व्यक्तिगत संपर्क और गठबंधन के प्रचार अभियान की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

धार्मिक अल्पसंख्यक मतदाताओं की निर्णायक उपस्थिति वाले नगांव संसदीय क्षेत्र में भाजपा की यह जीत राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इन मतदाताओं का समर्थन परंपरागत रूप से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के लिए अहम रहा है। इस बार भाजपा की जीत ने क्षेत्र के बदलते राजनीतिक समीकरणों और विभिन्न समुदायों में उसके समर्थन के विस्तार को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह फैल गया। नगांव में जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं। समर्थकों ने नाचते-गाते और एक-दूसरे को बधाई देते हुए जीत का जश्न मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *