अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज का सेवा अभियान, कैंसर अस्पताल में सैकड़ों लोगों को कराया भोजन

थर्ड आई न्यूज़

चार दिवसीय आहार सेवा के तहत रोगियों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों को बांटा सात्विक भोजन, 25 अक्टूबर को रक्तदान शिविर

गुवाहाटी, 10 अक्टूबर। महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाओं की ओर से चार दिवसीय आहार सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बी. बरुआ कैंसर अस्पताल में सैकड़ों लोगों के बीच भोजन वितरित किया गया। इस सेवा कार्य से अस्पताल में उपचाररत रोगियों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों को लाभ मिला। इस दौरान खीर, खिचड़ी और सब्जी सहित सात्विक भोजन परोसा गया।

अग्रवाल समाज की ओर से आयोजित इस सेवा अभियान की शुरुआत शुक्रवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) परिसर में जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण के साथ हुई थी। शनिवार को बी. बरुआ कैंसर अस्पताल में आहार सेवा के बाद रविवार, 11 अक्टूबर को फैंसी बाजार तथा सोमवार, 12 अक्टूबर को आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला परिसर में भोजन वितरण किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि महाराजा अग्रसेन के सेवा, सहयोग और परोपकार के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाएं मिलकर योगदान दे रही हैं।

अग्रसेन जयंती समारोह के अंतर्गत आगामी 25 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर में लगभग 100 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों ने समाज के सदस्यों से स्वयं रक्तदान करने के साथ अपने परिजनों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। इच्छुक रक्तदाताओं से अग्रिम रूप से अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई है।

महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में 11 और 25 अक्टूबर को स्थानीय सांगानेरिया धर्मशाला तथा होटल विश्वरत्न में विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार अग्रसेन जयंती को सेवा कार्यों से जोड़ने का उद्देश्य समाज में मानवीय संवेदना, सहयोग और परोपकार की भावना को बढ़ावा देना है। आहार सेवा अभियान में अग्रवाल समाज की सभी सहभागी संस्थाओं और कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *