नव्या लेडीज क्लब के डांडिया महोत्सव में बिखरे उल्लास और उमंग के रंग, विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सदस्याएं पुरस्कृत
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 10 अक्टूबर। नव्या लेडीज क्लब की ओर से आयोजित डांडिया महोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, संगीत की मधुर धुनों और डांडिया की थाप पर क्लब की सदस्याओं ने जमकर आनंद उठाया। उत्सव के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मनोरंजन के साथ आपसी मेलजोल और सामूहिक सहभागिता इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।
महोत्सव का आयोजन संयोजिका रेखा दमानी और रेनू अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सदस्याओं को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट ड्रेसिंग का पुरस्कार ज्योति भूत, बेस्ट डांसर का श्वेता अग्रवाल, बेस्ट इंडो-वेस्टर्न का रितु सुल्तानिया तथा मोस्ट एनर्जेटिक डांसर का पुरस्कार आरती चौहान को मिला। वहीं, सर्वाधिक टिकट बिक्री के लिए नीतू बुखरेडिया को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष रितु अग्रवाल, सचिव रुपाली हिमतसिंहका और कोषाध्यक्ष मनीषा मोदी सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं। आयोजन में नीता गोयनका और रेखा दमानी ने उपहार सहयोगी के रूप में योगदान दिया।
क्लब की ओर से डांडिया महोत्सव के सफल आयोजन के लिए संयोजिका रेखा दमानी और रेनू अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की गई। साथ ही आयोजन में सहयोग देने वाली सभी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ आपसी संपर्क, सहयोग और आत्मीयता को भी बढ़ावा देते हैं।

