पिता की पुण्यतिथि पर बेटी का सेवा संकल्प, रक्तदान शिविर में 48 यूनिट रक्त संग्रह

थर्ड आई न्यूज़

खुशी शर्मा और उनके भाई नमन की पहल को पारीक महिला परिषद ने दिया साकार रूप, परिषद के पहले रक्तदान शिविर में 70 लोगों ने कराया पंजीकरण

गुवाहाटी, 11 अक्टूबर। पिता की स्मृति में कुछ ऐसा करने की इच्छा, जिससे दूसरों का जीवन बचाया जा सके। इसी भावना से प्रेरित होकर खुशी शर्मा ने अपने पिता धर्मेन्द्र शर्मा (टोनी) की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया। खुशी और उनके भाई नमन की इस पहल को पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी ने पारीक सभा एवं पारीक युवक परिषद के सहयोग से साकार किया। रविवार को आठगांव स्थित मारवाड़ी हॉस्पिटल में आयोजित इस शिविर में 48 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

पारीक महिला परिषद के इतिहास में पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर में विभिन्न समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चले शिविर में कुल 70 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 48 ने रक्तदान किया। अनेक रक्तदाता अपने परिजनों और मित्रों के साथ पहुंचे तथा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस आयोजन का सबसे भावनात्मक पक्ष खुशी शर्मा का अपने दिवंगत पिता के प्रति प्रेम और श्रद्धा रहा। धर्मेन्द्र शर्मा और मधु शर्मा की पुत्री खुशी लंबे समय से अपने पिता की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित करना चाहती थीं। उनके इस संकल्प को पूरा करने के लिए पारीक महिला परिषद की सदस्याएं आगे आईं और पारीक सभा तथा पारीक युवक परिषद के सहयोग से आयोजन की रूपरेखा तैयार की। इस तरह पिता की स्मृति में एक बेटी की भावना जनसेवा के सार्थक प्रयास में बदल गई।

परिषद की अध्यक्ष निशा पारीक ने कहा कि यह शिविर एक बेटी के अपने पिता के प्रति प्रेम और श्रद्धा को मानव सेवा से जोड़ने का प्रयास है। खुशी और नमन के संकल्प को साकार करना परिषद के लिए विशेष भावनात्मक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।

शिविर की व्यवस्थाओं में परिषद की सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा, अध्यक्ष निशा पारीक, सचिव जया पारीक सहित परिषद की सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। पारीक सभा और पारीक युवक परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी आयोजन में सहयोग दिया।

पारीक महिला परिषद ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, समाजबंधुओं और मारवाड़ी हॉस्पिटल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

धर्मेन्द्र शर्मा की पुण्यतिथि पर आयोजित यह रक्तदान शिविर पारीक महिला परिषद का पहला ऐसा आयोजन रहा। एक बेटी की व्यक्तिगत भावना से शुरू हुई इस पहल ने समाज को यह संदेश दिया कि अपनों की स्मृतियों को जनसेवा के माध्यम से जीवंत रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *