लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की सराहनीय पहल, 225 विद्यार्थियों की नेत्र जांच; 43 में मिली दृष्टि संबंधी समस्या

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी: लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की ओर से लायंस इंटरनेशनल के जिला 322 जी के दृष्टि सेवा सप्ताह के अंतर्गत कुमारपाड़ा स्थित एंजेल्स इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। गुवाहाटी लायंस आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 225 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 43 विद्यार्थियों में दृष्टि संबंधी समस्याएं पाई गईं।

क्लब के अध्यक्ष लायन रवि हरलालका ने बताया कि दृष्टि संबंधी समस्याओं से प्रभावित इन 43 विद्यार्थियों की आगे की जांच, आवश्यक उपचार और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन की व्यवस्था शीघ्र ही निःशुल्क की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम की चेयरपर्सन लायन ज्योति अग्रवाल के नेतृत्व में शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सेवा कार्य में क्लब की कोषाध्यक्ष लायन मीनाक्षी माथुर और लायन रूपा गग्गड ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

शिविर के समापन पर क्लब के सचिव लायन अजय कुमार मोर ने विद्यालय के पदाधिकारियों, प्रधानाध्यापक, शिक्षकों तथा उपस्थित क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने कहा कि यह शिविर बच्चों के नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय रहते उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा पहल है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *