राजकुमार तिवाड़ी बने श्री मारवाड़ी हिंदी पुस्तकालय ट्रस्ट के चेयरमैन, अशोक सिवोटिया मैनेजिंग ट्रस्टी और अशोक अग्रवाल कोषाध्यक्ष मनोनीत

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 3 नवंबर। श्री मारवाड़ी हिंदी पुस्तकालय ट्रस्ट के वर्ष 2026-28 के नए सत्र के लिए गुवाहाटी नगर निगम के पूर्व पार्षद राजकुमार तिवाड़ी को सर्वसम्मति से चेयरमैन चुना गया है। रविवार को पुस्तकालय के कमला पोद्दार सभागार में आयोजित ट्रस्ट बोर्ड की संयुक्त सभा में नए बोर्ड का गठन किया गया। सभा के प्रोटेम चेयरमैन अनिल जैना की अध्यक्षता में आनंद पोद्दार ने चेयरमैन पद के लिए राजकुमार तिवाड़ी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका नारायण खाकोलिया और ब्रजेश शर्मा ने समर्थन किया। इसके बाद सर्वसम्मति से तिवाड़ी के चयन की घोषणा की गई।

नवगठित ट्रस्ट बोर्ड में अशोक सिवोटिया को मैनेजिंग ट्रस्टी, नारायण खाकोलिया एवं विनोद जसरासरिया को उपाध्यक्ष तथा सीए अशोक अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुस्तकालय के तीन पूर्व अध्यक्षों राजकुमार तिवाड़ी, रवि अजितसरिया और बीएल पुरोहित को भी बोर्ड में शामिल किया गया है। इसके अलावा मधुसूदन सिकरिया, देवेंद्र सराफ और संजय अग्रवाल को ट्रस्ट बोर्ड का सदस्य बनाया गया। सभा में आशीष खाकोलिया को श्री मारवाड़ी हिंदी पुस्तकालय का कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

नवनिर्वाचित चेयरमैन राजकुमार तिवाड़ी ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट बोर्ड के सामूहिक सहयोग से पुस्तकालय के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पुस्तकालय को एक सक्रिय बौद्धिक विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता बताई। तिवाड़ी ने कहा कि बदलते समय के साथ पुस्तकालय की गतिविधियों का विस्तार करने तथा युवाओं को इससे जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इससे पूर्व आनंद पोद्दार ने सभा प्रारंभ करने की घोषणा करते हुए उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया। मैनेजिंग ट्रस्टी नारायण खाकोलिया ने पिछली सभा का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में पुस्तकालय के अध्यक्ष विनोद रिंगानिया, मंत्री कांता अग्रवाल, ब्रजेश शर्मा और बीएल पुरोहित सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे। इस दौरान पुस्तकालय के विकास, उसकी गतिविधियों के विस्तार और भावी योजनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

सभा में मनोज जालान (प्रोटेक), दिलीप जालान, सरोज जालान, किशोर काला, मधुसूदन सिकरिया, सिद्धार्थ नवलगढ़िया, सिद्धार्थ नवलमोर और सुरेंद्र खेमका सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में सभापति ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *