विधानसभा उपाध्यक्ष पर कथित हमला : धुबड़ी में विधायक नूरुल हुदा का तीखा विरोध, भाजपा ने कांग्रेस को बताया “गुंडावाहिनी”
थर्ड आई न्यूज
धुबड़ी से रविन्द्र तोदी
असम विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. नोमल मोमीन पर कांग्रेस विधायक नूरुल हुदा द्वारा किए गए कथित शारीरिक हमले को लेकर धुबड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के पांच मोड़ इलाके में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने “कांग्रेस विधायक नूरुल हुदा मुर्दाबाद”, “कांग्रेस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी” और “कांग्रेस विधायक होशियार” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण को गरमा दिया।
भाजपा के जिला अध्यक्ष रंजित कुमार राय ने कहा कि विधानसभा के भीतर उपाध्यक्ष पर हमला करना एक बेहद निंदनीय, ओछा और शर्मनाक कृत्य है, जो कांग्रेस की अलोकतांत्रिक सोच और असली मानसिकता को उजागर करता है।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. देवमय सान्याल, उपाध्यक्ष रंजिता अग्रवाल व देब प्रसाद सिंह, जिला सचिव नवीन सरकार व कमलाकांत राय, वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रकाश काली, भाजयुमो के अध्यक्ष विश्वजीत दास, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष उत्तम प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
दलीय नेताओं ने कांग्रेस की तीखी आलोचना करते हुए उसे एक “गुंडावाहिनी” करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इसी व्यवहार के चलते राज्य की आम जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">