alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

हनुमत आराधिका समिति का 13वां वार्षिक उत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ भव्य रूप से संपन्न

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। हनुमत आराधिका समिति का 13वां वार्षिक उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में होटल मिलेनियम, आठगांव में भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह आयोजन सुशीला छावछारिया एवं सुषमा चौधरी के सानिध्य में संपन्न हुआ।

उत्सव के अवसर पर सरला काबरा द्वारा बाबा का अत्यंत भव्य दरबार सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अखंड ज्योति का स्वयं प्रज्वलित होना रहा, जिसे समिति की सभी बहनों ने बाबा हनुमान का दिव्य चमत्कार और विशेष आशीर्वाद माना।

हर वर्ष की भांति इस बार भी प्रसिद्ध भजन गायक विशाल बजाज और पवन शर्मा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी भजन-कीर्तन की बौछार पर श्रद्धालु देर तक झूमते नजर आए।

उत्सव के दौरान बाबा का झंडा उत्सव भी अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मारवाड़ी महिला एकता मंच, मारवाड़ी महिला शाखा, सांवरिया सखी समिति सहित अन्य प्रतिष्ठित समितियों की सहभागिता ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

कार्यक्रम के समापन पर बाबा का छप्पन भोग, गजरा अर्पण, महाआरती एवं कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन ने भक्तों के हृदय में आस्था, भक्ति और आनंद की अविस्मरणीय छाप छोड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *