प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले होजाई में निषेधाज्ञा, ड्रोन उड़ाने पर रोक
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मूँदड़ा
नरेंद्र मोदी के 6 अप्रैल को प्रस्तावित होजाई दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस क्रम में होजाई के सदर श्रीमंत शंकरदेव नगर में विशेष निषेधाज्ञा जारी की गई है।
जिला दंडाधिकारी देव प्रसाद मिश्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्रीमंत शंकरदेव नगर खेल मैदान में आयोजित जनसभा स्थल तथा बरबोहा पथार में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
आदेश के तहत इन दोनों स्थलों के तीन किलोमीटर के दायरे में बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानव रहित उड़ान यंत्र, गुब्बारे या अन्य हवाई उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह निषेधाज्ञा प्रधानमंत्री के दौरे की पूरी अवधि तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

