असम भाषायी अल्पसंख्यक विकास बोर्ड ने 28 मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की

थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
असम भाषायी अल्पसंख्यक विकास बोर्ड की पहल पर राज्य के अन्य जिलों के साथ-साथ होजाई जिले में भी आज 28 मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के अध्ययन हेतु 50 हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए। यह कार्यक्रम होजाई नगर पालिका के सभागार में आयोजित किया गया, जहां उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में 60% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर भाषायी अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को इस सहायता राशि का लाभ दिया गया।
इस अवसर पर असम भाषायी अल्पसंख्यक विकास बोर्ड के अध्यक्ष शिलादित्य देव ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के कारण भाषायी अल्पसंख्यक समुदाय की प्रगति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में उच्च शिक्षा के लिए आज लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बोर्ड का कार्यभार संभालने के बाद से वे भाषायी अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए कई विकासात्मक योजनाओं को क्रियान्वित कर चुके हैं, जिससे समुदाय के लोगों को लाभ मिला है।
देव ने विकास बोर्ड द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी भी साझा की और छात्रों को यह सलाह दी कि वे इस अनुदान राशि का उपयोग अपनी शिक्षा में करें, एक अच्छे नागरिक बनें और समाज तथा देश की सेवा में योगदान दें।
कार्यक्रम में नगर पालिका की नेता चतुर्थी रानी विश्वास, भाजपा के पूर्वी जिला अध्यक्ष अनुप देव, होजाई भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप धर, और जिला परिषद की सभापति रमावाला देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी संबोधित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में भाषायी अल्पसंख्यक विकास बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस आयोजन का सफल संचालन होजाई मंडल अध्यक्ष गोपाल राय चौधरी ने किया।