भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा द्वारा “होली धमाल” कार्यक्रम सम्पन्न

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I भारतीय अटल सेना राष्ट्रवादी महिला मोर्चा की ओर से भव्य “होली धमाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा ने सभी सदस्याओं का स्वागत किया और उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सदस्याओं के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना है, जिससे सभी महिलाएं एकजुट होकर संगठन को सशक्त बना सकें।

कार्यक्रम में मारवाड़ी एकता मंच की अध्यक्ष सरोज मित्तल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं, जिनका संस्था की ओर से सम्मान किया गया। रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच पारंपरिक राजस्थानी गीतों और नृत्य ने समां बांध दिया।

होली के उल्लास को बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बेस्ट ड्रेस, बेस्ट लाइव डांस और लकी ड्रा जैसे मनोरंजक खेल शामिल थे। विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उभरती कलाकार मोनिका झाकल ने अपने गीतों से माहौल को पूरी तरह होलीमय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन मंत्री डिंपल शर्मा ने किया, जिन्होंने सभी सदस्याओं को होली की विशेष उपाधियों से अलंकृत किया। आयोजन को सफल बनाने में संयोजिका रश्मि जैन, रेखा गोयल, शांति कुंडलिया सहित संस्था की अन्य सदस्याओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह आयोजन महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द और उल्लास बढ़ाने का सफल प्रयास रहा, जिसमें सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *