लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा वृक्षारोपण अभियान के साथ कार्यकाल का शुभारंभ
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी । लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर ने अपने नए कार्यकाल की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल के साथ की। क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश काबरा, सचिव रमेश जैन और कोषाध्यक्ष रवि खेमका के नेतृत्व में रविवार को अमीन गांव स्थित एटलांटा इंटरनेशनल स्कूल परिसर में विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम वन महोत्सव सप्ताह के उपलक्ष्य में क्लब के वरिष्ठ सदस्य लक्ष्मीकांत शर्मा के सौजन्य से आयोजित हुआ। आयोजन की संयोजिका मन श्री प्रकाश थीं, जिनके संयोजन में 30 से अधिक क्लब सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान असम वन विभाग द्वारा प्रदत्त 100 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर लक्ष्मीकांत शर्मा ने आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से इन पौधों की नियमित देखभाल करेंगे, जिससे उनका स्वस्थ विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब के अध्यक्ष रमेश जैन ने सभी सदस्यों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। क्लब के नवनियुक्त प्रवक्ता महेश हेड़ा ने जानकारी दी कि आगामी महीनों में क्लब इसी तरह के और भी समाजोपयोगी पर्यावरणीय एवं सेवा प्रकल्प आयोजित करेगा।

