सीए फाइनल में ऑल इंडिया रैंक-2 प्राप्त करने वाली निष्ठा बोथरा का मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा सम्मान
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 7 जुलाई 2025।
गुवाहाटी की निष्ठा बोथरा ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) फाइनल परीक्षा में 600 में से 503 अंक (83.83%) प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक – 2 हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल पूर्वोत्तर भारत में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि पूरे देश में मारवाड़ी समाज और गुवाहाटी शहर को गौरवान्वित किया है।
निष्ठा, स्व. सुभाष बोथरा की सुपुत्री एवं यश बोथरा की बहन हैं। उनकी इस सफलता के उपलक्ष्य में मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा आज 7 जुलाई को शाम 4 बजे उनके निवास पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
सम्मेलन के प्रतिनिधियों ने निष्ठा को असमिया गमछा, सम्मान पत्र एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा:
“निष्ठा जैसी होनहार बेटियां समाज की प्रेरणा हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हमारा समाज निरंतर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। यह सफलता पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।”
यह आयोजन केवल सम्मान का क्षण नहीं रहा, बल्कि समाज की एकता, प्रगति और प्रेरणा का प्रतीक बन गया। निष्ठा की यह उपलब्धि युवा पीढ़ी को लक्ष्य निर्धारण और समर्पित परिश्रम की दिशा में प्रोत्साहित करती रहेगी।

