संसद में हुए हंगामे पर राहुल बोले- पता नहीं सरकार क्यों डरी हुई है, राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा जरूरी
थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली I लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण के दौरान जोरदार हंगामा देखने को मिला। राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की अप्रकाशित किताब का हवाला देते हुए कहा कि डोकलाम में चार चीनी टैंक भारत की सीमा में पहुंच गए थे। राहुल गांधी के दावे पर का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने जोरदार विरोध किया था। जिसके बाद सदन में काफी हंगामा देखने को मिला।
राहुल गांधी के संबोधन के दौरान लोकसभा कई बार स्थगित करनी पड़ी। लगातार हो रहे हंगामे को देखते हुए चेयर पर आसीन सांसद जगदंबिका पाल ने सदन को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पता नहीं सरकार क्यों डर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सच छुपा रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा जरूरी है।
नेता विपक्ष ने मीडिया से कहा, ‘मैं सुरक्षा के मुद्दे पर सदन में बोलना चाहता था। पूर्व सेना प्रमुख ने राजनाथ सिंह से क्या कहा था। पता नहीं सरकार क्यों डरी हुई है। मैं पूर्व सेना प्रमुख की बात बताना चाहता था। नरवणेजी ने प्रधानमंत्री के बारे में, राजनाथ के बारे में एक आर्टिकल में लिखा है। मैं वो बोल रहा हूं, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। चीन हमारे सामने आ रहा था। तब 56 इंच की छाती को क्या हुआ था?’


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">