परशुराम जयंती पर खांडल समाज का भव्य आयोजन, महाआरती के साथ बच्चों ने दिखाया प्रतिभा का रंग
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर खांडल विप्र विश्व परिषद पूर्वोत्तर प्रांतीय महिला कार्यकारिणी एवं खांडल समाज पूर्वोत्तर के संयुक्त तत्वावधान में महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में भक्ति और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रांतीय अध्यक्ष सिया शर्मा द्वारा गणेश वंदना और अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद खांडल समाज के अध्यक्ष शिव भगवान नवहाल, श्याम चोटिया और राजेश शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पूरे आयोजन में भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बच्चों के लिए चित्रकला, कहानी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष शारदा नवहाल ने किया, जबकि सलाहकार वंदना शर्मा ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों से जुड़े कार्यक्रमों का संचालन संयोजिका श्वेता नवहाल और निवेदिता चोटिया ने संभाला। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु पूजा शर्मा, यशस्वी शर्मा और प्रज्ञा शर्मा निर्णायक मंडल में शामिल रहीं।
इस अवसर पर मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्ष संतोष शर्मा, विप्र युवा असम के अध्यक्ष अंकित पारीक और विपिन पारीक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुमन शर्मा, प्रेमलता शर्मा, माया शर्मा, पूनम सोती, संगीता बढ़ाढरा, राजकुमारी शर्मा सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए। अष्ट लक्ष्मी फाउंडेशन की सचिव वर्षा शर्मा और उर्मि पारीक की उपस्थिति ने भी आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
अंत में सचिव निवेदिता ने सभी अतिथियों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने समाज में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया।

