नगांव में तड़के खौफनाक डकैती: डॉक्टर दंपति पर हमला, हालत गंभीर

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव शहर के मोरीकलंग इलाके में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली डकैती की घटना सामने आई है। इस दौरान डकैतों के हमले में डॉ. रंजीत सैकिया और उनकी पत्नी रूपरेखा सैकिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोरीकलंग पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-36 के पास सेउज नगर स्थित डॉक्टर दंपति के घर में तड़के करीब 3 बजे 6–7 डकैतों का एक गिरोह जबरन घुस गया। सभी हमलावरों के चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और जमकर उत्पात मचाया। बताया गया है कि डकैतों ने घर की ऊपरी मंजिल पर रह रहे किरायेदार के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद गंभीर रूप से घायल डॉ. सैकिया खून से लथपथ हालत में अपने किरायेदार और पास में रहने वाले रिश्तेदार के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाकर घटना की जानकारी दी। उनकी हालत देखकर लोग स्तब्ध रह गए। इसके बाद जब लोग उनके घर पहुंचे, तो उनकी पत्नी रूपरेखा सैकिया शयनकक्ष में गंभीर अवस्था में पड़ी मिलीं।

दोनों घायलों को तत्काल भोगेश्वरी फुकननी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को गुवाहाटी रेफर किया गया, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं। रूपरेखा सैकिया की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

घटनास्थल से एक लोहे की रॉड बरामद हुई है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने इसी से वार किया। घटना के समय दंपति का 9 वर्षीय बेटा भी घर में मौजूद था, लेकिन डकैतों ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

डकैत घर से नकदी और सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। लूट की सटीक मात्रा का अभी आकलन नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्निफर डॉग की मदद से भी जांच की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *