यशनील शर्मा (भातरा) को मिला राज्य पुरस्कार, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स असम समारोह भव्य रूप से संपन्न
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 24 अप्रैल।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, असम द्वारा राज्य पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन भोगेश्वरी फुकन इंडोर स्टेडियम, रुद्र सिंहा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सम्पन्न हुआ। समारोह में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्य सचिव रवि कोटा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली स्काउट्स एवं गाइड्स को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुकरणीय सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित किया।
इसी क्रम में डॉन बॉस्को स्कूल के कक्षा 10 के छात्र यशनील शर्मा (भातरा) को स्काउट सेक्शन में वर्ष 2024 के लिए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और समाज में हर्ष का माहौल है।
यशनील शर्मा, श्याम सुन्दर भातरा और बिमला देवी भातरा के ज्येष्ठ पौत्र तथा अधिवक्ता विवेक शर्मा भातरा और समाज सेविका स्वाति शर्मा भातरा के ज्येष्ठ पुत्र हैं।

