मातृशक्ति के सम्मान के साथ विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ ने मनाया मातृ दिवस
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ, गुवाहाटी चैप्टर की ओर से रविवार सुबह श्री परशुराम सेवासदन में “माँ उत्सव” के रूप में मातृ दिवस का भावपूर्ण आयोजन किया गया। अध्यक्ष विनीता रिणवाँ की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की वरिष्ठ मातृशक्ति का सम्मान कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया गया। नए कार्यकाल (2026-28) की औपचारिक शुरुआत से पहले आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, सम्मान और पारिवारिक संवेदनाओं से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम में 70 वर्ष से अधिक आयु की मातृशक्तियों को दुशाला ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सदस्याओं ने “माँ” के प्रति अपनी भावनाओं को कविताओं और विचारों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। पूरे सभागार में आत्मीयता और भावनात्मक जुड़ाव का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश एवं भगवान परशुराम की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसमें सभी सम्मानित मातृशक्तियां भी शामिल रहीं। इस अवसर पर विनीता रिणवाँ ने कहा कि माँ का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है और मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति की मूल भावना है।
ज्ञात हो कि मातृ-सम्मान की यह परंपरा विप्र फाउंडेशन असम जोन-8 द्वारा पिछले कार्यकाल से शुरू की गई थी, जिसे इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ाया गया।
कार्यक्रम का संचालन संगठन महामंत्री रजनी शर्मा और महामंत्री जया पारीक ने किया। समारोह में विप्र फाउंडेशन गुवाहाटी चैप्टर के अध्यक्ष राकेश भातरा, जोनल उपाध्यक्ष प्रभात शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, महिला प्रकोष्ठ कोषाध्यक्ष अंजली शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुषमा सोती, उपाध्यक्ष पिंकी शर्मा, सचिव सोनिया शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं।
अंकिता शर्मा, निशा पारीक, शालू शर्मा, पूनम सोती, सुमन पारीक और नीतू शर्मा समेत सभी सदस्याओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी मातृशक्तियों और सदस्याओं ने मिलकर केक काटा तथा एक-दूसरे को मातृ दिवस की शुभकामनाएं दीं। अंत में जया पारीक ने उपस्थित सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

