मालीगांव में लायंस आई हॉस्पिटल का निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित

गुवाहाटी, 10 मई। असम प्रदेश वरिष्ठ नागरिक संघ एवं मालीगांव सनातनी नागरिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को पश्चिम गोटानगर, मालीगांव स्थित लचित शिशु विद्यालय परिसर में लायंस क्लब ऑफ गौहाटी के अंतर्गत गुवाहाटी लायंस आई हॉस्पिटल के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर का सफल आयोजन किया गया। क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि अध्यक्ष राजेश हंसारिया के नेतत्व में आयोजित
नेत्र जांच शिविर केंद्र सरकार की “नेशनल प्रोग्राम फॉर कंट्रोल ऑफ ब्लाइंडनेस” योजना के तहत आयोजित किया गया। हॉस्पिटल्स के चेयरमैन प्रकाश सिकरिया के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में मरीजों की आंखों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के लिए ऑपरेशन की विशेष व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में अस्पताल के नेत्र विशेषज्ञों की टीम के साथ गुवाहाटी लायंस आई हॉस्पिटल के विशिष्ट ट्रस्टी सदस्य आनंद अय्यर उपस्थित रहे तथा उन्होंने पूरे कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था की निगरानी की। आयोजन समिति द्वारा श्री अय्यर को पारंपरिक फूलाम गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रातः 9 बजे से प्रारंभ हुए इस दिवसीय शिविर में कुल 161 मरीजों की नेत्र जांच की गई। इनमें से 58 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिनके आगामी ऑपरेशन हेतु लायंस आई हॉस्पिटल में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
असम प्रदेश वरिष्ठ नागरिक संघ एवं मालीगांव सनातनी नागरिक मंच की ओर से संघ के महासचिव दीपांकर दास ने कार्यक्रम को सफल बनाने में लचित शिशु विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं समस्त स्टाफ के सक्रिय सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *