असम शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर जिंदा गोलियों के साथ एक व्यक्ति हिरासत में

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I असम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंगलवार को सुरक्षा जांच के समय एक व्यक्ति के पास से कुछ जिंदा गोलियां बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

यह घटना खानापाड़ा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में हुई, जहां हिमंत विश्व शर्मा दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले थे।

पुलिस के अनुसार, समारोह स्थल के एक प्रवेश द्वार पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान व्यक्ति के पास से जिंदा गोलियां बरामद की गईं। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर बशिष्ठ थाना भेजा गया। हालांकि उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोलियां उसके पास कैसे पहुंचीं और क्या इससे किसी प्रकार का सुरक्षा खतरा उत्पन्न हुआ था।

यह घटना उस समय सामने आई जब राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा हिमंत विश्व शर्मा और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जानी थी।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित एनडीए शासित राज्यों के 40 से अधिक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *