होजाई के श्री शनि मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई शनि जयंती
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मूंदड़ा
ठाकुरवाड़ी रोड स्थित श्री शनि मंदिर में शनिवार को श्री शनि जयंती का उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5 बजे शांति-पाठ के साथ हुई। इसके बाद भगवान शनिदेव का महास्नान एवं सरसों तेल से तैलाभिषेक कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर तैलाभिषेक किया और “जय शनिदेव” के जयघोष व मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।
तैलाभिषेक के पश्चात भगवान शनि का विशेष श्रृंगार किया गया तथा दोपहर में भव्य आरती संपन्न हुई। अपराह्न 3:30 बजे से श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से श्री शनि चालीसा का पाठ किया गया।
संध्याकाल में आयोजित महाआरती और पुष्पांजलि कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, शनि जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने आयोजन की भव्यता एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की।

