गुवाहाटी प्राइड लायंस क्लब की सभा में सेवा योजनाओं पर मंथन, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजिट की रूपरेखा तय

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 16 मई 2026: “लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड” की कार्यकारिणी एवं सामान्य सभा 15 मई को संस्थापक अध्यक्ष अनुप कुमार जाजोदिया की अध्यक्षता में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में 25 सदस्यों की रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज की गई, जहां आगामी सेवा परियोजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और क्लब की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभा की शुरुआत विश्व शांति तथा सुनील अग्रवाल एवं सुनिधि अग्रवाल के बहनोई और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-इलेक्ट मनोज भजनका के पिता की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर की गई।

बैठक की प्रमुख उपलब्धियों में “लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी स्मार्ट सिटी” के साथ संयुक्त रूप से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजिट आयोजित करने का निर्णय शामिल रहा। इस कार्यक्रम की चेयरपर्सन चित्रा भार्तिया को नियुक्त किया गया। यह आयोजन 24 मई 2026, रविवार को आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों को शामिल कर इसे प्रभावशाली बनाने की योजना बनाई गई है।

सभा में डिस्ट्रिक्ट हाट बाजार में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। संस्थापक अध्यक्ष अनुप कुमार जाजोदिया ने अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण सप्ताह कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यक्रम चेयरपर्सन अनिल अग्रवाल को बधाई दी। यह कार्यक्रम “लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ग्रेटर”, “लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी लाइफ”, “लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश” और “लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी स्मार्ट सिटी” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।

ऑनलाइन बिहू नृत्य प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शिल्पा नाहटा एवं सोनिया अग्रवाल की विशेष सराहना की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजिट कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि हाल ही में घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लब सदस्यों के बच्चों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

सोनिया अग्रवाल और उत्तम अग्रवाल की भी प्रशंसा की गई, जिन्होंने रवीन्द्र विद्या निकेतन एल.पी. स्कूल में क्लब की स्थायी परियोजना के अंतर्गत वाटर फिल्टर प्रायोजित किया।

सभा के दौरान क्लब की समाचार पत्रिका “प्राइड संवाद” के तृतीय अंक के विमोचन की जानकारी भी साझा की गई, जिसका विमोचन डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में द्वितीय अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष द्वारा किया गया था।

सचिवीय दायित्वों का निर्वहन सुनिधि अग्रवाल ने किया। वहीं, निकट भविष्य में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान “आर्ट ऑफ लिविंग” के ‘हैप्पीनेस प्रोग्राम’ पर मीनाक्षी सक्सेना माथुर एवं मोहिनीश विश्वकर्मा ने प्रेरणादायक परिचयात्मक सत्र प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।

अंत में सौहार्दपूर्ण फेलोशिप डिनर एवं आपसी भाईचारे के साथ सभा का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *