चेक बाउंस और कथित धोखाधड़ी का मामला, व्यापारियों ने पानबाजार थाने में दर्ज कराई शिकायत

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 28 मई। गुवाहाटी के विभिन्न व्यापारियों के साथ लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और चेक बाउंस के मामले में होलसेल जनरल मर्चेंट्स एसोसिएशन ने पानबाजार थाना में एक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जनरल डायरी (GD) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसोसिएशन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संतोष नामक एक व्यक्ति ने स्वयं को कुमारपाड़ा स्थित एम/एस अग्रवाल ट्रेडर्स का प्रोपराइटर बताकर शहर के विभिन्न व्यापारियों से व्यावसायिक संबंध स्थापित किए। प्रारंभिक दौर में उसने नकद एवं चेक के माध्यम से भुगतान कर व्यापारियों का विश्वास जीता। इसके बाद उसने विभिन्न व्यापारियों से उधार पर लाखों रुपये का माल उठाया और भुगतान के लिए चेक जारी किए।

शिकायत के अनुसार बाद में संबंधित चेक बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर बाउंस हो गए। एसोसिएशन का आरोप है कि आरोपी ने 31 मार्च 2026 को जीएसटी पंजीकरण तथा जीएमसी ट्रेड लाइसेंस भी प्राप्त किया था और फटासिल शाखा स्थित इंडियन बैंक में चालू खाता संचालित कर रहा था, जिससे संबंधित चेक जारी किए गए थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित व्यापारियों ने होलसेल जनरल मर्चेंट्स एसोसिएशन से संपर्क किया। एसोसिएशन की आपात बैठक में सर्वसम्मति से आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।

पानबाजार थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि फैंसीबाजार ओपी को भी मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि इस प्रकरण में कई व्यापारी प्रभावित हुए हैं तथा संबंधित राशि लाखों रुपये में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *