Rajasthan News: चूरू में बवंडर ने ढका आसमान, दिन में दिखा रात सा अंधेरा, बीकानेर में भी चली धूल भरी आंधी
थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली. राजस्थान से शनिवार को रेतीले तूफान की डराने वाली दो अलग-अलग जिलों से तस्वीर सामने आई है, पहली तस्वीर राजस्थान के चूरू जिले से सामने आई है, वहीं दूसरी तस्वीर बीकानेर जिले से सामने आई है. राजस्थान के चूरू और बीकानेर में शनिवार को बदले मौसम ने दिन में ही लोगों को रात अहसास करा दिया.
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के चूरू शनिवार की दोपहर एक अलग- अलग नजारा देखने को मिला है. चूरू में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि दिन में ही अंधेरा छा गया. तेज धूल भरी आंधी और धूल के विशाल बवंडर ने पूरे आसमान को ढक लिया, जिससे कुछ देर के लिए हालात रात जैसे नजर आने लगे.
आंधी की वजह विजिबिलिटी हुई कम , वाहनों की थमीं रफ्तार :
बताया गया कि शनिवार की दोपहर करीब दो बजे उठी तेज आंधी के कारण दृश्यता काफी कम हो गई. सड़कों पर चल रहे वाहनों की रफ्तार थम गई और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा. धूल का गुबार इतना घना था कि कुछ मीटर की दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो गया. धूल के इस भयानक बवंडर की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो अपने आप में बेहद डराने वाली हैं.
बीकानेर में वाहन चालकों को जलानी पड़ीं लाइट :
कमोबेश इसी तरह की तस्वीर राजस्थान के बीकानेर जिले से भी शनिवार को सामने आई है. बीकानेर में आज दोपहर के वक्त एक जबरदस्त तूफान ने धूल की एक विशाल दीवार खड़ी कर दी. आलम यह हुआ कि लोगों की दृश्यता धूल के गुबार की वजह से घट गई. धूल भरी आंधी के कारण दृश्यता काफी कम हो गई थी, जिस कारण वाहन चालकों का वाहनों की लाइटें भी जलानी पड़ गईं.
उधर, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में मौसम के और अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी चलने की आशंका है. इसके अलावा कुछ इलाकों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है.

