मारवाड़ी युवा मंच गोरेश्वर की वार्षिक सभा सम्पन्न, कमल जैन पुनः अध्यक्ष निर्वाचित, सेंकी अग्रवाल सचिव एवं शुभम अग्रवाल बने कोषाध्यक्ष

थर्ड आई न्यूज

गोरेश्वर, 30 मई। मारवाड़ी युवा मंच, गोरेश्वर शाखा की वार्षिक साधारण सभा शनिवार को प्रातः 10:30 बजे स्थानीय हनुमान मंदिर प्रांगण में शाखा अध्यक्ष कमल जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

सभा में उपस्थित सदस्यों ने शाखा की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान शाखा के पूर्व अध्यक्ष आनंद जैन (चिंटू) ने सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव रखा। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कमल जैन पर पुनः विश्वास जताया और उन्हें आगामी सत्र के लिए शाखा अध्यक्ष चुना।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ग्रहण करने के बाद कमल जैन ने अपनी नई टीम की घोषणा करते हुए सेंकी अग्रवाल को शाखा सचिव तथा शुभम अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की घोषणा भी की जाएगी।

अपने संबोधन में कमल जैन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शाखा सामाजिक सेवा, युवा नेतृत्व विकास और जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 में स्थापित मारवाड़ी युवा मंच की गोरेश्वर शाखा ने अखिल भारतीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। शाखा समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, शैक्षणिक सहायता तथा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का सफल आयोजन करती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *