विश्व पर्यावरण दिवस पर मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा का पौधरोपण अभियान, गोशाला परिसर में लगाए पौधे, सेवादारों का किया सम्मान

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा श्री मालीगांव गोशाला परिसर में पौधरोपण एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा गोशाला में कार्यरत सेवादारों को मिठाइयाँ वितरित कर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में समाज के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं गोशाला के चेयरमैन कैलाश लोहिया, प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) विनोद लोहिया, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, गोशाला अध्यक्ष रमेश गोयनका, मंत्री रामस्वरूप जोशी, सलाहकार पितराम केड़िया, प्रमोद हरलालका, नारायण सिंह नरुका तथा माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सीताराम बिहानी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने सभी अतिथियों का पुष्प एवं असमिया गमोसा भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण और हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सम्मेलन के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका, महेंद्र मित्तल, सचिव सूरज सिंघानिया, कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप पाटनी, जितेंद्र जैन, राजेश भजनका, प्रभात चांडक, संजय सोनी, राजेश जालान सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक विकाश जैन की विशेष भूमिका रही। उनके समर्पित प्रयासों और सक्रिय नेतृत्व से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर समाज के सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *