अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर अणुव्रत समिति की कार्यशाला आयोजित, ऊर्जा संरक्षण के लिए ‘दो घंटे एसी बंद रखने’ का आह्वान

थर्ड आई न्यूज

नगांव, 5 जून। अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर अणुव्रत समिति, नगांव के तत्वावधान में तेरापंथ भवन परिसर में एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तेरापंथ धर्मसंघ के अधिनायक आचार्यश्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनिश्री आनंदकुमारजी एवं मुनिश्री विकासकुमारजी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की महिला सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक अणुव्रत गीत से हुआ, जिसने उपस्थित जनसमुदाय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अणुव्रत समिति की सहमंत्री ललिता बोथरा ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और ऊर्जा संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रतीकात्मक संदेश के रूप में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक अपने एयर कंडीशनर (एसी) बंद रखें। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बचत और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

इस अवसर पर मुनिश्री आनंदकुमारजी एवं मुनिश्री विकासकुमारजी ने पर्यावरण संरक्षण के आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। उन्होंने प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, संयमित जीवनशैली और संसाधनों के संतुलित उपयोग को समय की आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, मारवाड़ी महिला सम्मेलन सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा अणुव्रत समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यशाला के समापन पर उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए एक स्वर में संदेश दिया—
“धरती को बचाना है, पर्यावरण को बचाना है।”

इस अवसर पर सभी से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, ऊर्जा की बचत करने तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *