महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : अपराध रोकथाम के लिए जिला आयुक्त ने दिए जागरूकता और प्रशासनिक सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम के लिए कानूनी सुरक्षा उपायों के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने तथा प्रशासनिक सतर्कता बढ़ाने पर नगांव के जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक समाज में भी महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला महिला प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए अनेक कानूनी प्रावधान उपलब्ध हैं, किंतु बड़ी संख्या में महिलाएं इन अधिकारों और सुरक्षा उपायों से अनभिज्ञ हैं। ऐसे में जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।
बैठक में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, सामाजिक एवं मानसिक प्रताड़ना तथा कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से तत्काल कानूनी सहायता, सुरक्षा, मानसिक परामर्श और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला आयुक्त ने इस बात पर विशेष बल दिया कि महिलाएं समाज या परिवार के दबाव एवं भय के कारण किसी भी प्रकार के अन्याय या अत्याचार को चुपचाप सहन न करें। उन्होंने घरेलू हिंसा अथवा मानसिक प्रताड़ना की शिकार महिलाओं से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए साहसपूर्वक आवाज उठाने का आह्वान किया।
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा संचालित 24 घंटे उपलब्ध निःशुल्क आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 181 के प्रभावी उपयोग के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई कि किसी भी आपात स्थिति में पीड़ित महिलाएं बिना किसी विलंब के जिला, उप-जिला एवं खंड स्तर पर स्थापित महिला प्रकोष्ठों से सीधे संपर्क कर सकें।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले विभिन्न कानूनी प्रावधानों को अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक तंत्र की सक्रियता बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समाज कल्याण विभाग के प्रभारी अतिरिक्त आयुक्त कमलजीत शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रौजी तालुकदार सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

