भीषण उमस में समाजसेवी जगदीश धूत ने राहगीरों को बांटा जीरा जूस, मानव सेवा की मिसाल पेश की

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

प्रसिद्ध समाजसेवी जगदीश धूत ने एक बार फिर अपने सेवा भाव का परिचय देते हुए भीषण उमस और गर्मी के बीच राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का कार्य किया। उन्होंने हैबरगांव स्थित अपने प्रतिष्ठान ज्योति हार्डवेयर के समक्ष लगभग 300 बोतल जीरा जूस का वितरण कर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई।

उमस भरे मौसम में राहगीरों, रिक्शा चालकों, ठेला चालकों तथा अन्य लोगों ने जीरा जूस ग्रहण कर राहत महसूस की और जगदीश धूत के इस सराहनीय प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए जगदीश धूत ने बताया कि वे कई वर्षों से ग्रीष्म ऋतु के दौरान अपने प्रतिष्ठान के सामने राहगीरों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय से लौटने वाले छोटे-छोटे बच्चों को वहां आकर अपनी प्यास बुझाते देखकर उन्हें अत्यंत संतोष और आत्मिक खुशी का अनुभव होता है।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग से गुजरने वाले रिक्शा चालक और ठेला चालक भी रुककर शीतल जल ग्रहण करते हैं, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिलती है। उनका मानना है कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

जगदीश धूत के इस मानवीय एवं सेवा-भाव से प्रेरित कार्य की स्थानीय नागरिकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *