अंबुबाची मेले में लायंस उमंग की अनूठी पहल, पुराने बैनरों को बनाया जरूरतमंदों का सहारा, ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ परियोजना के तहत वितरित किए बैनर, बेडशीट, तौलिए और खाद्य सामग्री
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 20 जून। अंबुबाची मेले के दौरान सेवा, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के पुनः उपयोग का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग ने एक अभिनव सेवा परियोजना का आयोजन किया। क्लब की ओर से “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” थीम के अंतर्गत संचालित “बैनर्स टू शेल्टर्स – अंबुबाची मेला” पहल के तहत लायनिस्टिक वर्ष में उपयोग किए गए बैनरों को पुनर्चक्रित कर जरूरतमंद लोगों और श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
क्लब की जनसंपर्क अधिकारी पायल चड्ढा ने बताया कि अध्यक्ष बिमला कोचर के नेतृत्व में आयोजित इस परियोजना के अंतर्गत भूतनाथ स्थित काली मंदिर तथा आसपास सड़कों के किनारे ठहरे साधु-संतों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों को उपयोग किए गए बैनर उपलब्ध कराए गए। ये बैनर उनके लिए चटाई और बिछावन के रूप में उपयोगी साबित होंगे, जिससे उन्हें बैठने और विश्राम करने के लिए अधिक स्वच्छ एवं सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।
क्लब की सचिव स्वाति चौधरी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उपयोगी सामग्री को फेंकने के बजाय समाजहित में पुनः उपयोग करना है। इससे एक ओर जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता मिली, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन का संदेश भी समाज तक पहुंचा।
इसके अतिरिक्त क्लब की “स्प्रेडिंग स्माइल्स” परियोजना के अंतर्गत साधु-सन्यासियों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच बेडशीट और तौलिए भी वितरित किए गए। गर्मी और उमस को देखते हुए जूस तथा बिस्कुट का वितरण कर लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
क्लब की अध्यक्ष बिमला कोचर ने कहा कि सेवा के छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। अंबुबाची मेले जैसे विशाल आयोजन में हजारों श्रद्धालु और साधु-संत अस्थायी रूप से विभिन्न स्थानों पर ठहरते हैं। ऐसे में उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किए गए प्रयास सेवा की भावना को सार्थक बनाते हैं।
इस सेवा परियोजना में अध्यक्ष बिमला कोचर, सचिव स्वाति चौधरी और कंचन बेताला की विशेष उपस्थिति रही। परियोजना को सफल बनाने में क्लब की सभी सदस्याओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
लायंस उमंग की इस पहल को उपस्थित लोगों ने सामाजिक संवेदनशीलता, पर्यावरण जागरूकता और मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए सराहना की।

