अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गुवाहाटी में भव्य योग शिविर, दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन एवं जेसीआई एलुमिनी क्लब गुवाहाटी के संयुक्त आयोजन में उमड़ी उत्साहपूर्ण भागीदारी
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन, गुवाहाटी एवं जेसीआई एलुमिनी क्लब गुवाहाटी के संयुक्त तत्वावधान में फैंसी बाजार स्थित भगवान महावीर धर्मस्थल में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग प्रेमियों एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प लिया।
प्रातः 6:30 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में ध्यान, प्राणायाम तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के लगभग 350 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लिया।
योग प्रशिक्षण सत्र का संचालन अजय अग्रवाल, सुमित्रा भट्टाचार्य, पारिजात डे, वंदना झा तथा अन्य प्रशिक्षकों ने किया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।
उल्लेखनीय है कि दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन के तत्वावधान में महावीर भवन भक्तामर प्रांगण तथा भगवान महावीर धर्मस्थल में पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन निःशुल्क योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। विपिन सोगानी के मार्गदर्शन में संचालित इन सत्रों में योगासन, प्राणायाम, ध्यान, हास्य योग एवं बौद्धिक चर्चा नियमित रूप से होती है। इन सत्रों की विशेषता यह है कि इनमें सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग भाग लेकर योग का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। समय-समय पर विभिन्न योग संस्थानों के विशेषज्ञ भी विशेष प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के बीच फल, बिस्कुट एवं शरबत का वितरण किया गया। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर दिगंबर जैन पंचायत, गुवाहाटी के मंत्री वीरेंद्र सरावगी तथा यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष सौरभ जैन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और जीवन में संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जेसीआई एलुमिनी क्लब गुवाहाटी, विवेकानंद केंद्र के प्रशिक्षकों, दिगंबर जैन यूथ फेडरेशन के सदस्यों तथा विपिन सोगानी, सौरभ जैन, अमित बाकलीवाल (इवेंट्स), जितेंद्र जैन, जितेंद्र गंगवाल, उदय प्रकाश सुराणा, रमेश बगड़ा, विकास पाटनी, गुंजन संथोलिया एवं योगा ग्रुप के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

