लखीमपुर में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 782 बूथों पर 1.35 लाख बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत रविवार से लखीमपुर जिले में विशेष अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन जिले भर में बनाए गए 782 बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,35,096 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया। इसके लिए 3,058 स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 94 दुर्गम बूथ चिन्हित किए गए हैं, जिनमें सर्वाधिक 41 बूथ बोगीनदी बीपीएचसी क्षेत्र में हैं। वहीं नाओबोइचा में 149 तथा बोगीनदी में 148 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए 19 ट्रांजिट एवं मेला-बाजार बूथ तथा 6 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 168 बूथ सुपरवाइजर, 29 सेक्टोरल सुपरवाइजर, 14 ब्लॉक सुपरवाइजर तथा जिला मुख्यालय से 4 जिला सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले की लगभग 11,99,419 की आबादी में 2,23,801 घरों तक स्वास्थ्यकर्मी पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक सुनिश्चित करेंगे। सामान्य बूथों पर चार तथा संस्थागत बूथों पर दो-दो स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अभियान के तहत 28 जून को बूथ दिवस आयोजित किया गया, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
यह जानकारी जिला वैक्सीन एवं शीत श्रृंखला प्रबंधक गौतम भराली ने दी।

