लखीमपुर के सुन्दरी नदी छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, 1008 दीपों से हुई गंगा आरती, विधायक मानब डेका ने नवनिर्मित प्रवेश द्वार का किया उद्घाटन

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर, 15 नवंबर। उत्तर लखीमपुर शहर के मध्य स्थित सुन्दरी नदी छठ घाट पर श्री श्री सूर्यषष्ठी व्रत महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को यहां शाम 4:20 बजे व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।

छठ घाट पूजा समिति की ओर से व्रतधारियों के लिए पूजा वेदियों की समुचित व्यवस्था की गई थी। समिति के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने और वापस लौटने में सहयोग करते नजर आए।

इस अवसर पर लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मानब डेका ने पूजा समिति के नवनिर्मित प्रवेश द्वार का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर और फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की और नदी में उतरकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

समारोह के दौरान छठ घाट पूजा समिति की ओर से मंच पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को असमिया गमोछा भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित अतिथियों में विधायक मानब डेका, लखीमपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाबा डेका, कार्यपालक अधिकारी धीरज भट्टाचार्य, लखीमपुर नगरपालिका बोर्ड की अध्यक्ष कृष्णाधर सेन, वार्ड आयुक्त प्रशांत किशोर, गोगामुख कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार झा, वार्ड संख्या 6 के पार्षद भवानी शंकर शर्मा तथा वार्ड संख्या 9 की पार्षद मीना शामिल थीं।

इसके बाद लखीमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनिंद्र डेका और जिला आयुक्त प्रांजित काकोटी भी घाट पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट परिसर में अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी, एनडीआरएफ की टीम, पुलिस प्रशासन और असम पुलिस के जवान तैनात रहे। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की गई।

शाम 6 बजे 1008 दीप प्रज्वलित कर गंगा आरती की गई। इसके बाद रात 8 बजे रिया बरुवा एवं अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुई। सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ महोत्सव का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *